PSSOU प्री बी.एड./डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा 2026 टली: 28 जून को नहीं होगी परीक्षा, नई तिथि वेबसाइट पर होगी जारी
बिलासपुर। बी.एड. और डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़, बिलासपुर द्वारा आयोजित होने वाली प्री बी.एड. / डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा 2026 अब 28 जून को आयोजित नहीं होगी. विश्वविद्यालय ने 24 जून 2026 को संशोधित अधिसूचना जारी कर बताया है कि परीक्षा की नई तिथि वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएगी.
विश्वविद्यालय की मूल अधिसूचना क्रमांक 793/शिक्षा/2026 (दिनांक 17 मार्च 2026) के अनुसार, प्री बी.एड. एवं डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा संभावित रूप से 28 जून 2026 को प्रस्तावित थी और प्रवेश पत्र 23 जून से डाउनलोड किए जा सकते थे। लेकिन अब विश्वविद्यालय ने संशोधित सूचना जारी कर परीक्षा तिथि को आगे बढ़ा दिया है.
आवेदन की तिथि भी बढ़ी थी
संशोधित अधिसूचना के अनुसार, बी.एड. एवं डी.एल.एड. कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि पहले 12 जून 2026 थी. जिसे बढ़ाकर 19 जून 2026 कर दिया गया था. अब विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्री.बी.एड. / प्री.डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा 2026 की आगामी तिथि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पृथक से जारी की जाएगी.
अभ्यर्थी क्या करें
जो विद्यार्थी 28 जून की परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है. परीक्षा की नई तिथि समय और अन्य विवरण केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.pssou.ac.in के Notice Board पर ही प्रकाशित किए जाएंगे. अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है. कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और वेबसाइट का लगातार अवलोकन करते रहें.
परीक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी
प्री बी.एड. और डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा सत्र 2026-27 में बी.एड. की 500 सीटों और डी.एल.एड. की 2400 सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित की जा रही है. यह परीक्षा ऑफलाइन मोड में कुल 100 अंकों की होती है. जिसकी अवधि 2 घंटे 15 मिनट है। इसमें भाग-अ (80 अंक) सभी के लिए समान होता है, जिसमें सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, तार्किक एवं विश्लेषणात्मक चिंतन, शैक्षिक एवं सामान्य चेतना तथा शिक्षण-अधिगम से जुड़े प्रश्न होते हैं. जबकि भाग-ब (20 अंक) में विज्ञान, गणित या सामाजिक विज्ञान में से कोई एक विषय चुनना होता है.
सलाह: परीक्षा भले टल गई हो लेकिन तैयारी जारी रखें. नई तिथि कभी भी घोषित हो सकती है. इसलिए वेबसाइट और विश्वविद्यालय के आधिकारिक WhatsApp चैनल पर नज़र बनाए रखें.
.









